पुरवा। तहसील क्षेत्र के गांव भाटमऊ में होलिका दहन को लेकर पिछले 16 साल से अलग परंपरा चल रही है। यहां पर पुलिस द्वारा माचिस दिए जाने के बाद ही होलिका दहन होती है। सोमवार देररात यहां पुलिस के माचिस देने के बाद ही होली में आग लगाई गई।
भाटमऊ के नौशाद खान ने बताया कि वर्ष 2010 में गांव में होली जलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। तब किसी ने होली जलाने के लिए माचिस नहीं दी थी। मामला पुलिस के पास पहुंचा था। उसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप व माचिस देने के बाद ही होलिका दहन हुआ था। तबसे यह परंपरा बन गई।
सोमवार देररात पुरवा कोतवाली के उपनिरीक्षक रामेश्वर व सिपाही धीरेंद्र, प्रदीप माचिस लेकर गांव पहुंचे। यहां पर ग्रामीण 69 वर्षीय रामसागर ने पुलिस से माचिस लेकर होलिका जलाई। सीओ तेज बहादुर सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में 221 स्थानों पर होलिका दहन हुआ है। इसमें भाटमऊ गांव में पुलिस के माचिस लेकर पहुंचने के बाद होलिका जलाई गई।