अजीतमल। फूटे कुआं चांदूपुर रोड पर मंगलवार देर शाम वाहन की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गया। उसे राहगीर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की और पहचान के प्रयास किए लेकिन कामयाबी नहीं मिली, हालांकि पुलिस शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव फूटेकुआं से गांव चांदू पुर जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के पास मंगलवार देर शाम वाहन ने अज्ञात को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से निकले ग्रामीणों ने उसे तड़पता देख एंबुलेंस बुलाई। उसे कस्बा स्थित सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने छानबीन की। उसकी पहचान के लिए आसपास गांव के लोगों को फोटो भेजी लेकिन बुधवार को भी उसकी पहचान नहीं हो सकी।
कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। वह सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था। ग्रामीणों ने आसपास गांव में उसे कई बार खाना व अन्य चीजें मांगते देखा था। उम्र करीब 55 से 60 के बीच बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में वह मुस्लिम समुदाय का लग रहा है। सोशल मीडिया का सहारा लिया गया है। पहचान के बाद भी पोस्टमार्टम कराया जाएगा।