अछल्दा। मोहल्ला हरीगंज तिराहे के पास बाइक सवारों ने पता पूछने के बहाने से भट्ठा मुनीम को बाइक में बैठाकर जेब काट दी। तीन मिनट में ही शातिरों ने बैग छूट जाने की बात बताकर उन्हें बाइक से उतार दिया। युवकों के छोड़ने के बाद उनका हाथ पैंट पर पड़ा तो होश उड़ गए। मुनीम के मुताबिक जेब में सात हजार रुपये पड़े थे।
बिधूना कोतवाली के गांव सुखचैनपुर निवासी सत्यप्रकाश अग्निहोत्री (64) गांव पूरनपुर स्थित एक ईंट-भट्टे पर मुनीम हैं। रविवार को वह रोज की तरह ऑटो से पहुंचे और रेलवे फाटक पार कर पैदल ही आगे बढ़ रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर दो युवक आए। बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने था और पीछे बैठा दूसरा युवक सिर पर अंगोछा बांधे था।
पहले तो युवकों ने महेवा जाने का रास्ता पूछा और फिर बुजुर्ग को आगे छोड़ने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। महज तीन मिनट बाद ही आरोपियों ने बैग छूट जाने का बहाना बनाया और बुजुर्ग को रास्ते में ही उतार दिया।
सत्यप्रकाश ने जब दुकान पर बीड़ी खरीदने के लिए जेब में हाथ डाला, तो उनकी जेब कटी थी और उसमें रखे सात हजार रुपये गायब थे। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।