एरवाकटरा। थानाक्षेत्र के पखनगोई गांव में सोमवार को संदिग्ध हालात में एक युवक ने जहर खा लिया था। मंगलवार को इटावा से ग्वालियर स्थित अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। ऑनलाइन गेम में रुपये हारने की ग्रामीणों में चर्चा रही।
गांव पखनगोई निवासी कोमल प्रताप सिंह(18) ने सोमवार को किसी बात से क्षुब्ध होकर घर में रखा जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए सैफई स्थित अस्पताल ले गए। वहां सुधार न होने पर मंगलवार शाम परिजन उसे ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। देर रात परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। बुधवार सुबह शव का अंतिम संस्कार करने के लिए कन्नौज जिले के श्रंगीरामपुर स्थित गंगाघाट ले जाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, युवक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उसमें काफी रकम हार गया था। इसी कारण तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि परिजन ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। इकलौते बेटे की मौत से मां सरिता देवी, बाबा राजेंद्र सिंह, ताऊ पिंटू सिंह समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।