बेला थानाक्षेत्र के ग्राम सहमऊ के पास साइकिल से घर जा रही किशोरी को सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशोरी को कुचलने के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष बलराज शाही ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
साथ ही ट्रैक्टर को कब्जे मेें लेकर थाने पहुंचवाया।
शनिवार शाम लगभग सात बजे ग्राम टिकनापुर निवासी करिश्मा (15) पुत्री काशीराम दोहरे याकूबपुर से साइकिल से गांव जा रही थी। ग्राम सहमऊ में सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने साइकिल सवार किशोरी को कुचल दिया। ट्रैक्टर का पहिया करिश्मा के ऊपर चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशोरी को ट्रैक्टर के नीचे आते देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। वहीं, ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतका के परिजनों को दी। पुत्री की मौत की खबर मिलते ही परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। वहीं माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल था।
वहीं घटना स्थल पर चीख पुकार मची हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बलराज शाही ने पहुंचकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कराया।