फोटो 05एयूआरपी41- घटना में घायल क्रेन चालक जसकरन
- फोटो : AURAIYA
फफूंद (औरैया)। शनिवार की देर शाम अनियंत्रित ऑटो ने सड़क किनारे खड़े क्रेन चालक और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए।
शनिवार की सुबह दिबियापुर रोड फफूंद बाईपास पर प्लास्टिक का दाना लेकर जा रहा ट्रक पलट गया था। इसे निकालने के लिए शाम के समय क्रेन मौके पर पहुंची। शाम लगभग आठ बजे ट्रक को खड्ड से निकालने के बाद क्रेन का चालक जसकरन (45) पुत्र मुंशीलाल निवासी समरथपुर औरैया, हेल्पर अक्षय कुमार (35) पुत्र सोमरेश सिंह निवासी सेहूद दिबियापुर सड़क किनारे खड़े थे।
उधर, प्रतिष्ठान बंद कर साजिद पुत्र रफीक, रेहान पुत्र शमीम, फारुख खां निवासी गांव सरायबिहारी दास घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो ने इन सभी के साथ सड़क किनारे खड़े क्रेन चालक और हेल्पर को टक्कर मार दी।
हादसे में सभी लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां क्रेन चालक जसकरन और हेल्पर अक्षय कुमार की हालत को गंभीर बताते हुए चिकित्सक ने रेफर कर दिया। थाना प्रभारी राजेश सिंह चौहान ने बताया कि ऑटो और उसके चालक को पकड़ लिया है।