थाना क्षेत्र के गांव गुलालपुर में बिधूना से किशनी जा रही बेकाबू बस ने एक बालक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बालक के मरने की सूचना उसके ननिहाल पहुंची तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसे में मृत बालक कन्हैया (7) पुत्र राजेश सविता निवासी अर्जुनपुर थाना ऊसराहार जिला इटावा पिछले माह दिसंबर में मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल गांव नगला भगत आया था। तब से ननिहाल में ही रह रहा था। मृतक बालक के पिता राजेश सविता व मां मनोरमा दिल्ली में किसी फैक्ट्री में काम करते हैं। सुबह कन्हैया गांव के अन्य बच्चों के साथ गांव गुलालपुर में घूमने आया था। जहां से दोपहर करीब 3:30 बजे ननिहाल लौट रहा था। तभी बेकाबू बस ने उसे रौंद दिया। उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। उधर पुलिस ने मृतक बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष एरवाकटरा ने बताया कि सड़क किनारे रासलीला का कार्यक्रम चल रहा था। जहां पर सभी बच्चे भी कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान मृतक बालक अचानक सड़क पर दौड़ पड़ा। जिससे बस के नीचे आ गया। बताया कि बस व उसके चालक दोनों पुलिस कस्टडी में हैं। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।