संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर इटावा कानपुर लेन पर रविवार शाम बाइक से सवार तीन लोगों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में चाचा ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। वहीं भतीजे को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाना को डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया।
इटावा जनपद के जसवंतनगर के जसोहन बगिया निवासी विकास (35) पुत्र भगवानदास रविवार को दिबियापुर क्षेत्र असेनी के चंपतपुर में अपनी मौसी के यहां शादी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बाइक से निकला। अपने साथ चाचा प्रकाश (60) व रिश्ते के नाना ज्ञान सिंह (63) निवासी बस्ती महेवा जनपद इटावा को साथ लेकर वह हाईवे से औरैया की ओर आ रहा था।
इसी दौरान अयाना थाना क्षेत्र के मुरादगंज समीप दीपाली रेस्टोरेंट के पास एक वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। शाम पांच बजे के करीब हुए हादसे के बीच निकल रहे वाहन चालकों की नजर घायलों पर पड़ी तो भीड़ जुट गई। हादसे में चाचा प्रकाश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस विकास व ज्ञान सिंह को लेकर 50 शैया जिला अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने विकास को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल ज्ञान सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर देर शाम परिजन पहुंचे। चाचा-भतीजे के शवों को चिचौली में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। जहां परिजनों की चीख-पुकार मच गई। सीओ अजीतमल राम मोहन शर्मा ने बताया कि हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।