जिले में ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने में प्रशासन पूरी तरह से अक्षम साबित हो रहा है। हालात यह है कि यह ओवरलोड वाहन चालक सवारियां को भूसे की तरह भरकर उन्हें मौत के मुंह में धकेल रहे हैं। चाहे टेंपो हो, आटो हो या फिर ट्रैक्टर सभी के चालक लोगों को मौत के मुंह में डालने का काम कर रहे हैं। पेश है अमर उजाला की लाइव रिपोर्ट।
समय: 12.30 बजे
शहर के खानपुर चौराहे पर एक टेंपो में भूसे की तरह सवारियां भरी हुई नजर आई। इसके अलावा खिड़की से लेकर छत के ऊपर तक सवारियां बैठी हुई थी। खास बात यह है कि खानपुर चौराहे पर एक पुलिस पिकेट भी लगती है, फिर भी इस ओवर लोड वाहनों पर अंकुश नहीं लगाया जा पा रहा है।
समय:12.50 बजे
भले ही पुलिस प्रशासन ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगे होने का दाबा कर रहा हो, लेकिन पुलिस का यह दावा हवा-हवाई साबित हो रहा है। जब सोमवार को टीम ने पड़ताल की तो मंडी गेट के आगे एक ट्रैक्टर पर करीब आठ लोग खाद्यान्न के ऊपर बैठकर यात्रा कर रहे थे।
समय:1.25 बजे
वैसे तो वाहनों में ओवरलोडिंग चल ही रही है, लेकिन स्कूल के संचालक बच्चों की जानें भी सांसत में डाल रहे हैं। वह बच्चों की जान की परवाह किए बिना ओवरलोडिंग कर रहे हैं। सोमवार को जब टीम ने पड़ताल की तो जेसीज चौराहे के पास एक रिक्शे में बच्चे खिड़की पर लटक कर सफर कर रहा था।