अलग-अलग हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक की कार पेड़ से टकरा गई तो दूसरा घोड़ा गाड़ी की चपेट में आकर अपनी जान गवां बैठा। हादसा होते देख घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कराई।
क्षेत्र के गांव अघारा निवासी संदीप पाल (24) पुत्र अशर्फीलाल शनिवार दोपहर कार से औरैया आ रहे थे। जैसे ही वह गांव से बाहर निकले तभी कार बेकाबू हो गई और पेड़ से जा टकराई। कार के पेड़ से टकराने से संदीप पाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। संदीप की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव बिरूहनी के पास घोड़ा गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। राजकुमार (55) निवासी सुखगपुर की मडै़या शनिवार सुबह अपनी पुत्री के घर चैनी का पुरवा आए थे। वह बाइक पर आलू लादकर जा रहे थे। मदन के पुरवा के पास सामने से आ रही घोड़ा गाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।