अयाना। गांव अयाना में बुधवार शाम करीब छह बजे सेवानिवृत्त नायब सूबेदार पिता को बेटे ने कार से कुचल दिया था। इससे उनकी मौत हो गई थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव आने पर चीत्कार मच गई। उधर, घटना के बाद फरार आरोपी बेटे की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित की हैं। ये टीमें गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे रही हैं।
अयाना निवासी सेवानिवृत्त नायब सूबेदार रमेश चंद्र पाल (85) का शव गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। शव गांव आते ही बेटे मोती सागर, किरन कुमार व जगदेव, शिव विजय व परिजन रोने लगे। दोपहर बाद परिजन ने गांव स्थित खेत पर उनका अंतिम संस्कार किया। बता दें कि बुधवार शाम को कार से कुचलकर सेवानिवृत्त नायब सूबेदार की जान चली गई थी।
मामले में उनके पौत्र अंकित ने बताया था कि बाबा ने घर में जमीन का हिस्सा बांट दिया था। इसके बाद से चाचा पदम कम हिस्सा मिलने और पेंशन के रुपयों को लेकर घर में आए दिन झगड़ा करते थे। बुधवार दोपहर एक बजे चाचा ने बाबा से जमीन को लेकर विवाद किया था। शाम पांच बजे के करीब बाबा घर के पास स्थित तालाब किनारे टहल कर घर लौट रहे थे तभी चाचा ने उनको कार से कुचल दिया था। इससे उनकी जान चली गई थी। सीओ अजीतमल सृष्टि सिंह ने बताया कि घटना के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से दो टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल घटना को लेकर परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।