औरैया। नगर निकाय में बीएलओ की ड्यूटी न करने व बस्ता लेने से मना करने पर जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद बीएसए ने भाग्यनगर व औरैया के दो शिक्षको को निलंबित किया है। साथ ही इनके खिलाफ निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई शुरू की है।
जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही है। मतदाता पु नरीक्षण कार्य के लिए सभी निकाय क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) तैनात किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव द्वारा सभी को समय से बस्ता लेने व निकाय क्षेत्र में भ्रमण कर नए मतदाताओं के नाम शामिल करने, संशोधन आदि का कार्य कराने की जिम्मेदारी दी गई थी।
बीएसए विपिन कुमार तिवारी ने बताया कि भाग्यनगर ब्लाक की शिक्षक ज्योति पाल व औरैया ब्लाक के भरसेन प्राथमिक विद्यालय की नम्रता कौशल पाल ने कई बार कहने के बाद भी बस्ता नहीं लिया गया। जबकि इन दोनों शिक्षकों को लगातार खंड शिक्षा अधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारियों ने फोन कर बीएलओ की ड्यूटी करने के लिए कहा।
बताया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही और अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने पर जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
डिप्टी सीएम का दौरा कल
औरैया। प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को जिले के दौरे पर रहेंगे। इसके लिए कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। सोमवार को शाम चार बजकर 20 मिनट पर इटावा से कार द्वारा भाजपा कार्यालय तुर्कीपुर पहुंचेगे। जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। शाम पांच बजकर 35 मिनट पर गेल गेस्ट हाउस पहुंचें। मंगलवार सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद वह तुर्कीपुर गांव में विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे। (संवाद)