औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मिहौली के पास बाइक सवार मछली ठेकेदार को ट्रक ने कुचल दिया। बाइक समेत युवक ट्रक के नीचे फंस गया और दूर तक घिसटते चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिहौली गांव में शनिवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे मंगला कोल्ड स्टोर के सामने हुए हादसे के की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने ट्रक में फंसे शव को बाहर निकाला और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। मौके पर मौजूद भीड़ व गाड़ी के रजिस्ट्रेशन से मृतक के पते की पहचान हुई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि मृतक के पास मिली आर
सी के अनुसार युवक का नाम धनंजय शाह (38) पुत्र जानकी शाह निवासी मुरलीपुर थाना कुठौंद जिला जालौन है। बताया कि वह बिहार का रहने वाला है। पिछले लगभग 10 साल से कुठौंद में रहकर मछली की ठेकेदारी करता था। मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दे दी है।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया है। बाइक समेत युवक के ट्रक के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटने से शव के कई टुकड़े हो गए थे। उसको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।