फसल में पानी भरने को लेकर भिड़े दो पक्ष, सात घायल
फसल में पानी भरने को लेकर भिड़े दो पक्ष, सात घायल
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के भैसलोट में शुक्रवार को गेहूं की पकी फसल में पानी भर जाने को लेकर विवाद हो गया था। मारपीट में दोनों पक्ष से सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
भैसलोट निवासी राजेश यादव के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में शुक्रवार को पानी भर जाने पर गांव के प्रहलाद से विवाद हो गया था। मामले में गांव के लोगों व पुलिस ने दोनों के बीच समझौता करवाया। जिसमें प्रहलाद द्वारा नष्ट हुई फसल के एवज में अपने खेत से फसल देने पर सहमति बनी। शनिवार सुबह राजेश अपने परिजनों के साथ प्रहलाद के खेत से फसल काटने जा रहा था।
रास्ते में उसका प्रहलाद व उसके परिजनों से फिर से बहस हो गई। कुछ ही समय में मामला तूल पकड़ गया और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। जिसमें राजेश के पक्ष से अरविंद कुमार, विनोद व शकुंतला तो वहीं दूसरे पक्ष से सुदामा देवी, अजय, हरिओम व शिवपाल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के घायलों को उपचार के लिए बिधूना सीएचसी पहुंचाया।
पुलिस ने राजेश की पत्नी अनिल कुमारी की तहरीर पर प्रहलाद, शिवपाल, हरिओम, पिंटू, विनीता व अजय के खिलाफ धारदार हथियार से मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं दूसरे पक्ष ने घर पर चढ़कर मारपीट करने व पूरी फसल काटने की धमकी देने की तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि अभी दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। पहले पक्ष से अंकुश व दूसरे पक्ष से हरिओम के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।