औरैया। महिला अधिवक्ता से मारपीट के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज की है। घटना शहर के जालौन चौराहे की है। पुलिस कर्मी के हटते ही आरोपी ने घटना को अंजाम दे दिया।
शहर के गायत्री नगर निवासी कंचन कुमारी अधिवक्ता हैं। आरोप है कि अछल्दा के नहर बाजार निवासी गोपाल दास उर्फ रोहित व गांव बल्लापुर निवासी हरिओम शुक्ला पर परेशान करते हैं और वकालत न करने देने की धमकी दी है। 18 सितंबर को वह जिला सत्र न्यायालय में थी। मामले की जानकारी पीठासीन अधिकारी को दी। उसके सुरक्षा बल दिया गया। सुरक्षा बल उन्हें जालौन चौराहे तक छोड़ने गए। पुलिस के जाते ही पहले से मौजूद आरोपी ने महिला के साथ मारपीट कर दी।
आरोपी के साथ दो अज्ञात लोग भी थे। बाद में आरोपी धमकी देकर चले गए। महिला ने बताया कि पूर्व में आरोपी ने फर्जी मुकदमे लिखाने का प्रयास किया पर उसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।