फोटो 15एयूआरपी25- टोल के बाहर जाम लगने से फसे वाहन फोटो 15एयूआरपी26- टोल पर सुरक्षा की दृष्टि से मौजूद प?
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। रविवार की सुबह आठ बजे से टोल प्लाजा पर फास्टैग व्यवस्था लागू की गई। टोल पर बिना फास्टैग वाली लेनों में दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। जबकि फास्टैग वाली लेन में सन्नाटा छाया रहा। इस दौरान फास्टैग वाली लेन में पहुंचे कार मालिकों को दो गुना टैक्स देना पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से टोल पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।
रविवार की सुबह आठ बजे अनंतराम टोल प्लाजा पर फास्टैग लेनों की शुरुआत हो गई। अब टोल प्लाजा पर लोग बिना रुके निकल सकेंगे। यह सुविधा लेने के लिए लोगों को अपने वाहनों में फास्टैग लगवाना पड़ेगा। टोल प्लाजा के टैग बूथ पर पहुंचते ही बूथ पर लगा स्कैनर इस टैग को स्कैन करेगा। यह टैग सिस्टम रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टेक्नोलॉजी पर काम करता है। अनंतराम टोल प्लाजा पर यह सिस्टम लागू होने के बाद वाहन चालक टोल प्लाजा पर बिना रुके यात्रा कर सकेंगे। रविवार की सुबह अनंतराम टोल प्लाजा के दोनों ओर कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। अधिकतर वाहनों में टैग न होने के कारण वह वाहन कैश लेन से गुजरे। वहीं, फास्टैग लेन में सन्नाटा पसरा रहा। टैग न होने के बाद टैग लेन से निकलने वाले वाहन स्वामियों को दोगुना शुल्क अदा करना पड़ा। औरैया से इटावा जाने वाले वाहनों के लिए लाइन नंबर नौ और दस को कैश लेन और इटावा से औरैया जाने वाले वाहनों को लेन एक और दो को कैश लेन बनाया गया है। चारों लेनों में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालांकि टोल कर्मी वाहनों चालकों कों फास्टैग की खूबियां भी गिना रहे थे।
रविवार को हरदोई से भाजपा की महिला नेता अपनी लग्जरी गाड़ी में बिना टैग लगाकर टैग बूथ पर पहुंचीं। टिकट कलेक्टर ने उन्हें कैश लेन में आने के लिए बोला। जिसके बाद वह कैश बूथ पर पहुंची तो उन्होंने कहा कि हम पदाधिकारियों को टोल नहीं लगती हैं और अभी तक हम फ्री में निकलती रही हैं। जिस पर टोल कर्मी रमाकांत यादव ने फ्री में निकालने से इंकार कर दिया। काफी देर तक वह टोल कर्मी से बहस करती रहीं। मीडिया के कैमरे देख उन्होंने पैसे देने में ही भलाई समझी और फिर अपनी गाड़ी की पर्ची कटाई।
यदि आप की गाड़ी में फास्टैग नहीं है और आप टैग लेन से गुजरते हैं तो आपको दोगुना टोल देना पड़ेगा। लेकिन यह नियम सिर्फ आम आदमी पर ही लागू होता है। क्योंकि अनंतराम टोल प्लाजा पर एक सीओ की गाड़ी फास्टैग लेन से बिना टोल दिए निकल गई। सीओ की गाड़ी के पीछे एक अन्य गृह मंत्रालय की गाड़ी टोल फीस देकर निकली। सीओ द्वारा टोल न देना प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
रविवार को टोल प्लाजा पर फास्टैग बूथ शुरू होने के बाद कई किलोमीटर लंबा जाम लगने के बाद कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार बिंद, महिला उपनिरीक्षक नीरज शर्मा, उपनिरीक्षक चंद्रिका प्रसाद यादव, रामजीत यादव, श्याम लाल सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा। पुलिस बल वाहनों को डायवर्ट कर रहे थे।