अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के बिजली घर के पास हाईवे पर गलत दिशा में चल रहे बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक व बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
बटपुरा गांव, अयाना निवासी मुनेश का ऑटो चालक पुत्र आशीष (30) रविवार को गांव के पशु व्यापारियों को लेकर बाबरपुर बकरमंडी गया था। वहां से अयाना लौटते वक्त व्यापारियों के साथ कुछ और लोग ऑटो में बैठ गए। चालक अजीतमल से गांव जाने के लिए लालपुरा अंडरपास न जाकर गढिय़ा ओवरब्रिज से ही गलत दिशा में हाईवे पर ऑटो ले गया।
इसी बीच कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के अमरौधा पातेपुर गांव निवासी सुरेश दोहरे का बेटा महेंद्र (25) बाइक से इटावा के तुर्कपुरा-पहाड़पुर स्थित अपनी ससुराल पत्नी व बच्ची से मिलने जा रहा था। हाईवे पर अजीतमल बिजली घर के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार ऑटो व बाइक भिड़ गईं।
हादसे के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ऑटो सवार बालिस्टर, दीवान सिंह, राजा, लालू, अशोक, सुखराम, बुद्धिमान, ऑटो चालक व बाइक सवार युवक समेत 12 घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर अजीतमल सीएचसी पहुंची, जहां पर डॉक्टर ने ऑटो चालक आशीष व बाइक सवार महेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल बटपुरा निवासी बालिस्टर को सैफई रेफर कर दिया। सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि ऑटो व बाइक कब्जे में ले ली गई है।
हादसे की सूचना पर रोती-बिलखतीं महिलाएं। संवाद- फोटो : AURAIYA