बिधूना। होली के नेग को लेकर सोमवार को कस्बे के सब्जी मंडी स्थित सराफा बाजार में किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सड़क पर सरेराह मारपीट होने लगी। समझौते के बाद किसी तरह विवाद थमा।
कस्बे की जीनस और चकोरीबाई का दूसरे पक्ष की तनु भदौरिया से क्षेत्र में नेग वसूली को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। जीनस पक्ष का आरोप है कि तनु उनके निर्धारित क्षेत्र में जाकर नेग मांग रही हैं। इसी बात को लेकर सोमवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर बात गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गई।
उधर, बीच सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देखने के लिए तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बैठाया गया। घंटों चली गहमागहमी और आपसी मान-मनौव्वल के बाद दोनों पक्षों ने समझौते कर लिया। इसके बाद विवाद शांत हो सका।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि नेग को लेकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। भविष्य में दोबारा कानून हाथ में लेने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।