बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के भिखरा गांव के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपपुर सहार गांव निवासी दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
गांव रूपपुर सहार निवासी जितेंद्र (29), अपने चचेरे भाई कौशलेंद्र उर्फ छोटा (23) व दोस्त विनोश (27) के साथ बाइक से रविवार सुबह पास के गांव नवगवां गए थे। दोपहर करीब 12 बजे घर लौटते समय तेज रफ्तार लोडर ने गांव भिखरा के पास बाइक में टक्कर मार दी। वहां डॉक्टरों ने विनोश और कौशलेंद्र उर्फ छोटा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया और सीएचसी में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। विनोश घर पर रहकर किसानी करते थे, जबकि कौशलेंद्र उर्फ छोटा गुरुग्राम और जितेंद्र मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। छोटा व जितेंद्र चचेरे भाई हैं, छोटा एक दिन पहले और जितेंद्र 10 दिन पहले गांव लौटा था।
त्योहार की खुशियों के बीच इस दर्दनाक हादसे से दोनों परिवारों में दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय बाइक पर सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विनेश कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाल विनेश कुमार सिंह ने बताया कि लोडर को कब्जे में लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक विनोश की फाइल फोटो