दिबियापुर (औरैया)। रिटायर्ड फौजी के घर हुई चोरी की वारदात में गुरुवार रात स्वाट टीम व पुलिस ने गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बदमाशों ने पांच अन्य साथियों के साथ मिल कर रेकी के बाद घटनाओं को अंजाम देना स्वीकारा है। गिरोह में दो युवतियां भी हैं। दोनों को जेल भेजने के साथ ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की है।
कई महीनों से क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों में बंद घरों में चोरी की ताबड़तोड़ घटनाएं हो रही थीं। तीन दिन पहले दिबियापुर के विकास कुंज में सेवानिवृत्त फौजी विपिन कुमार के बंद घर से पिस्टल, नगदी व जेवरात चोरी हुए थे। घटना में पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
थाने के क्राइम इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, स्वाट टीम प्रभारी सतेंद्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीमों ने गुरुवार रात पुराने पेट्रोल पंप से थाना रोड पर एक खंडहरनुमा खाली पड़े प्लाट से बादल पुत्र पप्पू कंजड़ व छोटू पुत्र बब्लू उर्फ करिया कंजड़ निवासी नेहरूनगर गिहार बस्ती दिबियापुर को गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से फौजी के घर से चोरी गई पिस्टल और जेवरात भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में बताया कि वह लोग कस्बा निवासी सैफी उर्फ अजय, रोहित, सन्नू उर्फ सिंघानिया के साथ मिलकर रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। बाद में चोरी के माल को गिरोह में शामिल आरोपी बादल की बहन मोना व पूजा बेच देती थीं। रकम का आपस में बंटवारा हो जाता था।
एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि पकड़े गए युवक पेशेवर चोर हैं। पिछले दिनों चोरी की घटना में जेल में थे। पैरोल पर बाहर आने पर चोरियां शुरू कर दीं थीं। बादल की बहन मोना की चोरी की घटनाओं में अहम भूमिका रहती है।
फौजी विपिन कुमार निवासी विकास कुंज के घर से चोरी गई लाइसेंसी पिस्टल, मय मैग्जीन व दो कारतूस, एक मोबाइल, एक अंगूठी बरामद हुई। इसके साथ ही 19 जून को जगदीश चंद्र पटवा निवासी रामकृष्ण नगर के घर से चोरी गए दो चांदी के सिक्का बरामद हुए। आठ मई की रात रामबाबू कठेरिया निवासी लोहियानगर के घर से चोरी गई एक जोड़ी पायल बरामद हुई।