सहायल (औरैया)। सहार ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ठाकुर गांव में शनिवार को वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने तरह तरह की मिसाइलों के मॉडल बनाए। साथ ही नाटक प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया।
बच्चों ने विज्ञान मॉडल में पृथ्वी मिसाइल, बैलिस्टिक मिसाइल, रॉकेट, विज्ञान चार्ट, विज्ञान भाषण, मंगलयान, मोटर वोट, एटीएम गुल्लक जैसी कलाओं का मेले में प्रदर्शन किया। बच्चों के कार्यक्रम को देखने के लिए क्षेत्रीय के लोगों की भीड़ रही। प्रदर्शनी को देखने आए लोगों ने सराहना की। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ प्राथमिक विद्यालय ठाकुर गांव के विज्ञान के अध्यापक मयूरेश कुमार ने किया। इस बीच विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देश प्रेम गीत, बालिका शिक्षा जैसे नाटक जनता के बीच प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बच्चों द्वारा बनाई गई मिसाइलें व एटीएम रहा। इसको देखकर आसपास के लोगों ने बच्चों के साथ-साथ विद्यालय के विज्ञान के अध्यापक मयूरेश के हौसले की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक जमील अहमद, सुभाषचंद्र, समाजसेवी मुन्नू चौहान, अरविंद मिश्रा, सुरेश तिवारी, विजय शंकर, राजेश राजपूत, राहुल मिश्रा समेत क्षेत्र के तमाम लोग उपस्थित रहे।