औरैया। कानपुर से लकड़ी लेकर हिमाचल प्रदेश जा रहे एक ट्रक चालक की बृहस्पतिवार की शाम हालत बिगड़ गई। लोगों ने उसे 100 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
हिमाचल प्रदेश के जिला भटियाल के तारागढ़ चंबा निवासी चमन लाल (45) पुत्र पंजाब सिंह ट्रक चालक थे। बृहस्पतिवार की सुबह वह कानपुर में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से ट्रक में लकड़ी लादकर हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। लगभग 12 बजे अचानक चालक चमनलाल की हालत बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल चालक काे एंबुलेंस से चिचौली स्थित 100 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को ट्रक से मिले कागजों से चालक के घर का पता व मोबाइल नंबर मिला। जिस पर पुलिस ने परिजनों को फोन से सूचना दी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया।
सूचना पर शुक्रवार की दोपहर ममेरा भाई संदीप ठाकुर अन्य परिजनों के साथ औरैया पहुंचा। संदीप ने बताया कि चमन लाल के एक पुत्र सक्षम (7) व एक पुत्री नंदनी (5) साल की है। वहीं पति की मौत से पत्नी तृप्ता समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। इसलिए किसी के भी खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उसी अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।