कन्नौज-औरैया मार्ग नहर पुल पर ट्रक ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में दंपति गंभीर घायल हो गए। इनकी दो साल की बेटी क ी मौत हो गई। मौके पर मौजूद भीड़ ने ट्रक चालक को पकड़ कर पीट दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
पुर्वा भिखनी बरियारेमऊ निवासी अरविंद कुमार पाठक का इकलौता बेटा विवेक उर्फ दीपक पाठक दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह दो दिन पहले चचेरे भाई की शादी में शामिल होने पत्नी व बच्ची के साथ गांव आया था। गुरुवार की रात तकरीबन साढ़े आठ बजे वह स्कूटी से फफूंद रेलवे स्टेशन से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आ रहा था। साथ में पत्नी व बच्ची थी। नहर पुल पर तेज गति से आ रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में विवेक और उसकी पत्नी तृप्ति पाठक गंभीर घायल हो गईं। इनकी दो साल की बेटी आद्या ने मौके पर दम तोड़ दिया।
स्कूटी के पीछे बाइक पर गांव के लोग आ रहे थे। इनमें विवेक के पिता भी थे। हादसे के बाद वह बदहवाश हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।