फोटो-29- भरथना रोड पर खड़ा क्षतिग्रस्त ट्रक।संवाद
- फोटो : सांकेतिक
बिधूना। कस्बे के भरथना रोड व कीरतपुर में रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक न होने से शनिवार देर रात करीब 12ः30 बजे एक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए।
जनपद झांसी के शिवाजी नगर निवासी ट्रक चालक उधम सिंह पाल व परिचालक रविंद्र अहिरवार हरदोई से ईंटें लादकर झांसी जा रहे थे। चालक ने बताया कि भरथना रोड पर बने डिवाइडर पर न तो रिफ्लेक्टर लगे हैं और न ही कोई स्पष्ट संकेतक बोर्ड हैं।
रात के समय सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण डिवाइडर दिखाई नहीं दिया। बताया कि उन्होंने जब तक ब्रेक लगाने का प्रयास किया, तब तक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भरथना रोड एवं कीरतपुर क्षेत्र में डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर न होने के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक डिवाइडर पर चढ़ जाने से क्षतिग्रस्त हो गया है। ट्रक हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।