औरैया। 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में मरीजों को दो दिन से एक्सरे की सुविधा नहीं मिल पा रही है। एक्सरे के लिए मरीजों को सात किलोमीटर 100 शैया अस्पताल जाना पड़ रहा है। मरीज व तीमारदारों का पैसा और समय दोनों बर्बाद हो रहा है।
शहर स्थित 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में मरीजों के लिए एक्सरे की निशुल्क सुविधा है। अस्पताल में प्रतिदिन 70 से 80 मरीजों का एक्सरे किया जाता है। पिछले दो दिनों से एक्सरे कक्ष से मरीजों को एक्सरे फिल्म न होने की जानकारी देकर लौटाया जा रहा है। शुक्रवार को भी मरीज लौटाए गए। अधिक परेशान मरीजों को 100 शैया युक्त जिला अस्पताल चिचौली जाने की सलाह दी गई।
शुक्रवार दोपहर क्षेत्र के गांव भाऊपुर निवासी विनीत पाठक अपनी पुत्री को घायलावस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे। विनीत ने बताया कि साइकिल से गिरकर उसकी पुत्री घायल हो गई, पैर में चोट आई है। डॉक्टर ने उपचार कर पट्टी बांधते हुए एक्सरे कराने की बात कही। जब वह एक्सरे कराने कक्ष में पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारी ने एक्सरे फिल्म न होने की बात कहते हुए चिचौली अस्पताल जाने की सलाह दे दी।
पीड़ित विनीत ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हैं। सात किलो मीटर दूर जाना भी संभव नहीं हैं। सीएमएस डॉ. मंजू सचान ने बताया कि शनिवार से एक्सरे विधिवत कराया जाएगा।