औरैया। रक्षाबंधन को लेकर जहां चारों ओर तैयारियां अंतिम दौर में है। वहीं, दूसरी ओर रोडवेज विभाग ने भी सवारियों को बेहतर सुविधा देने के लिए अपनी तैयारी को पूरा कर लिया है।
लंबे रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाने के साथ ही लोकल के मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। यही नहीं सवारियों को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन भी सभी मार्गों पर किया जाएगा। रविवार को अधिकांश बसें ऑन रोड देखने को मिलीं।
आज रक्षाबंधन मनाया जाएगा। 18 अगस्त की रात 12 बजे से 19 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज की बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके लिए विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। रणनीति के तहत सभी मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा। बता दें कि औरैया डिपो में कुल बसों की संख्या 78 है। इन बसों के संचालन के लिए कुल चालक 142 और परिचालकों की संख्या 131 है। महिलाओं को 24 घंटे निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इन बसों से प्रतिदिन लगभग तीन हजार के करीब यात्री अपने गंतव्य के लिए यात्रा करते है। ऐसे में रक्षाबंधन के दौरान यह संख्या दो गुनी होने की संभावना है।
इसको देखते हुए विभागीय अधिकारियों को सभी बसों को ऑन रोड करने का निर्णय लिया है। साथ ही रणनीति के तहत बसों का संचालन करने की तैयारी कर ली है। सफल संचालन के लिए आगरा और दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या 45 की गई है, जबकि इटावा, कानपुर और लखनऊ मार्ग पर बसों की संख्या 20 रखी गई है। इसी प्रकार अन्य मार्गोंं पर बसों का संचालन होगा। रणनीति के अनुसार कानपुर के लिए हर 30 मिनट में यात्रियों को बस मुहैया कराई जाएगी। पर्व के दौरान यात्रियों को दिक्कत न हो। इसको देखते हुए पहले से ही कर्मचारियों के साथ-साथ चालक व परिचालकों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं।
रक्षाबंधन पर सभी बसों को ऑन रोड किया जा रहा है। रणनीति के तहत सभी मार्गोंं पर संचालन होगा। लंबे रूटों पर अधिक सवारियों के आवागमन की उम्मीद है, जिसके चलते इन मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है तो वहीं लोकल व अन्य रूटों पर बसों की संख्या को स्थिर रखा गया है, लेकिन उन रूटों पर फेरे बढ़ा दिए गए हैं। साथ ही कुछ बसों को रिजर्व में भी रखा जाएगा। अधिक यात्री देख उन मार्गों पर अतिरिक्त बसें रवाना की जाएंगी।- अपर्णा मीनाक्षी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, औरैया