अटसू। क्षेत्र के गांव बेरी धनकर के एक मोहल्ले में रखा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले सोमवार को फुंक गया था। इससे इस मोहल्ले के दर्जनभर से अधिक घरों में अंधेरा फैल गया।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने उप केंद्र को दी। इसके बावजूद दस दिन बाद भी फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे आक्रोशित लोगों ने बुधवार को हंगामा किया।
बुधवार को गांव में अंकित के दरवाजे पर रखे ट्रांसफार्मर के पास एकत्र हुए मोहल्ले के लोगों ने हंगामा काटा तथा बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। मोहल्ले के निवासी गोविंद बाबू, सुमित नारायण, जानू कुमार, अरविंद शर्मा, अंकित व पप्पू शर्मा आदि ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना उपकेंद्र अजीतमल में लिखित रूप से दी गई थी।
इसके बाद ऑनलाइन भी शिकायत की गई, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे लोगों को पानी, मोबाइल चार्ज व गर्मी से राहत को पंखे तक नहीं चलने से परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह लोग उप केंद्र पहुंचकर विरोध करेंगे।
इस संबंध में अटसू के अवर अभियंता अमित कुशवाहा ने बताया कि गोदाम में अभी ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हैं। स्टोर से उपलब्ध होते ही ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।