दिबियापुर (औरैया)। कोहरा समाप्त होने के बाद भी ट्रेनों की लेटतलीफी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। पहले से रद्द चल रही कई ट्रेनों के बीच यहां रुकने वाली ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्री परेशान हैं। मंगलवार को रेलवे स्टेशन फफूंद पर कई घंटों तक दिल्ली जाने के लिए कोई ट्रेन न मिलने से यात्री परेशान रहे।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली गोमती एक्सप्रेस, आगरा लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त चल रहीं हैं। जबकि तूफान एक्सप्रेस अल्टरनेट एक दिन छोड़कर अगले दिन आ रही है। चार जोड़ी ट्रेनों के रद्द होने के कारण पहले से ही मुश्किल झेल रहे यात्रियों को उस समय मुसीबत का सामना करना पड़ता है। जब यहां रुकने वालीं अन्य ट्रेनें काफी विलंब से पहुंचतीं हैं। मंगलवार को भी यही आलम रहा।
दिल्ली जाने के लिए रद्द चल रही गोमती एक्सप्रेस के स्थान पर सुबह लगभग 10 बजे 12561 दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव दिया गया। इसके लगभग साढे़ 9 घंटे बाद साढ़े 7 बजे तक दिल्ली के यात्रियों के लिए कोई ट्रेन नहीं मिली। इससे दिल्ली जाने वाले यात्री काफी परेशान रहे। दिल्ली जाने वाली कालका मेल अपरान्ह पौने 2 बजे के स्थान पर लगभग 6 घंटे देरी से शाम 7.25 बजे आने की सूचना प्रसारित हुई।
जबकि मुरी एक्सप्रेस अपरान्ह सवा 2 बजे के स्थान पर साढे़ 5 घंटे देरी से शाम पौने 8 बजे आने की सूचना प्रसारित होती रही। कई यात्रियों ने अपने टिकट कैंसल कराए। यहां बता दें कि रद्द चल रहीं गोमती एवं आगरा लखनऊ इंटरसिटी के मार्च माह में शुरू होने की उम्मीद है। जबकि ऊंचाहार एवं महानंदा एक्सप्रेस के अप्रैल माह से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।