फोटो- 15एयूआरपी-31- मृतका की रेवती देवी की फाइल फोटो। संवाद
फोटो- 15एयूआरपी-32- घटना स्थल पर मौजूद ट्रैक्टर को कब्जे में लेते पुलिस व मौजूद ग्रामीण। संवाद
- घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम, पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर किया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। क्षेत्र के ककोर-फफूंद मार्ग पर सल्हापुर के पास ऑटो से उतर कर पेड़ की छाया में खड़ी वृद्धा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
साहब नगर जैतापुर डेरा बंजारा निवासी यशपाल सिंह ने बताया कि वह किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता है। शनिवार दोपहर को वह पत्नी रेवती देवी (60) को चिचौली स्थित 100 शैया अस्पताल में दवा दिलाने ले गया था। वह कुछ दिन से बुखार व पेट के रोग से पीड़ित थी। लौटने के दौरान ऑटो ने उसे ककोर-फफूंद मार्ग पर सल्लापुर स्थित जनता इंटर कॉलेज के पास उतार दिया।
गर्मी अधिक व बीमारी के चलते थकान होने की वजह से पत्नी सड़क किनारे पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। इसी बीच ककोर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार कर रौंद दिया और वह बच गया। हादसा करने के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। पत्नी को खून से लतपथ देख बेहाल यशपाल ने राहगीरों की मदद से घर वालों को जानकारी दी। गांव में जानकारी पहुंचते ही काफी संख्या में लोग मौके पर जा पहुंचे। लोगों ने आक्रोश जताते हुए सड़क किनारे शव रख जमकर हंगामा किया। इसी बीच पुलिस भी मौके पर जा पहुंची।
सीओ अजीतमल भरत पासवान ने गुस्साई भीड़ को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रेवती की मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतका के पति ने बताया कि उसके चार बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। सीओ भरत पासवान ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।