औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव लच्छी की मड़ैया गांव में खेत की जोताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर किसान खेत पर जा रहा था। तभी संपर्क से खेत में उतरते समय एकाएक ट्रैक्टर पलट गया। चालक किसान हादसे की चपेट में आकर दब गया। मौके से निकल रहे राहगीरों ने बाहर निकालने का प्रयास किया। उधर जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव लच्छी की मड़ैया तिलकपुर निवासी ओमप्रकाश (35) गांव में खेती बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता। बुधवार रात साढ़े सात बजे के करीब वह ट्रैक्टर लेकर खेत की जोताई करने के लिए निकला। गांव बाहर संपर्क मार्ग से खेत में नीचे जाने के दौरान ट्रैक्टर अचानक पलट गया। ट्रैक्टर समेत हैरों के नीचे ओमप्रकाश दब गए। चीख पुकार करने पर मार्ग से निकल रहे राहगीरों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। ओमप्रकाश को लहूलुहान हालत में 50 शैया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद मृतक का बेटा कृष्णा व पत्नी मीना बिलख पड़ी। मृतक का भाई राजेश यादव ने अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी। सीओ सदर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से चालक किसान की मौत हुई है। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए।