बेला। थाना क्षेत्र के बेला-कानपुर मार्ग स्थित ककराही मोड़ के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने लिंटर डालकर वापस जा रहे ट्रैक्टर व मशीन में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर सहित मशीन पलट गई। ट्रैक्टर पर सवार लगभग 16 लोग घायल हो गए। घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बेला थाना क्षेत्र के ग्राम बरकसी में सियाराम गौतम के घर पर लेंटर डालकर वापस ट्रैक्टर से मशीन समेत याकूबपुर जा रहे मजदूरों से भरे ट्रैक्टर में ककराही मोड़ के पास बेला की तरफ से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसमें सवार अंकुश, अजीत , ओमजी, रामजी, विश्वनाथ, हिमांशु, जितेंद्र, गंभीर रूप से घायल हो गए व अन्य नाम अज्ञात लगभग आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।