सहायल। उधारी वसूलने के लिए निकले एक ट्रैक्टर एजेंसी मालिक के साथ पौथी गांव में मारपीट की गई। पीड़ित ने 55 हजार रुपये लूटे जाने का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
दिबियापुर स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक सिद्ध गोपाल ने सहायल पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि सोमवार की दोपहर वह सहार क्षेत्र में कृषि उपकरण खरीद में उधारी की वसूली करने निकले थे। कुछ किसानों से उन्होंने 55 हजार रुपये वसूले थे। इसके बाद वह पौंथी गांव निवासी किसान राजू जोशी से एक लाख रुपये की उधारी वसूलने के लिए पहुंचे। आरोप है कि खेत किनारे सड़क पर मिले राजू ने अपने पुत्रों के साथ उसके साथ मारपीट की। साथ ही 55 हजार रुपये भी लूट लिए। ग्रामीणों ने उसे आरोपी के चंगुल से बचाया। सहायल थानाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि राजू जोशी व उसका बेटा जितेंद्र मौके से फरार हो गए। संजू को गिरफ्तार किया गया है। लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।