अछल्दा (औरैया)। अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार शाम ट्रेनों का लगातार आवागमन होने से रेलवे फाटक देर से खुलने से लंबा जाम लग गया। 30 मिनट बाद फाटक खोला गया तो ट्रैक पर जाम लग गया। इससे दोबारा फाटक बंद न होने से गोमती एक्सप्रेस, इंटरसिटी व मेमू को आउटर पर रोकना पड़ा।
दिल्ली-हावड़ा रूट के अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर शाम छह बजकर आठ मिनट पर फाटकट बंद हुआ। इसके बाद लगातार ट्रेनों के आवागमन से देर तक फाटक नहीं खोला गया। इससे अछल्दा-फफूंद व बिधूना मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।लगभग 30 मिनट बाद 0638 बजे फाटक खोला गया। इससे बड़े वाहनों के आगे बाइकों का काफिला निकल पड़ा। इससे ट्रैक पर जाम लग गया। इस बीच करीब सात मिनट बाद ट्रेन आने पर गेटमैन द्वारा फाटक बंद करने का प्रयास किया गया, लेकिन ट्रैक पर जाम होने से फाटक बंद न हो सका। इससे इटावा से कानपुर की तरफ जा रही मेमू ट्रैन को 12 मिनट व उसके पीछे आ रही गोमती एक्सप्रेस को आठ मिनट, कानपुर से इटावा की तरफ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी आठ मिनट तक आउटर पर रोका गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में फाटक के बीच से गाड़िया हटवाकर छह बजकर 58 मिनट पर फाटक को बंद कराया। इसके बाद आउटर पर खड़ीं ट्रेनों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इसके बाद दोबारा फाटक सात बजकर 07 मिनट पर खोला गया और तब जाम खुल सका।