दिबियापुर। संजय नगर में दो पड़ोसियों के बीच चल रहा पाइप लाइन का विवाद उस समय नया मोड़ ले लिया, जब वहां से टोरेंट गैस की पूरी पाइप लाइन ही चोरी हो गई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टोरेंट गैस के अधिकारी अंकित कुमार ने पुलिस को बताया कि वे क्षेत्र में गैस पाइप लाइन डालने का काम करा रहे हैं। उन्होंने संजय नगर निवासी अनिल शुक्ला के आवास के पास पाइप लाइन बिछाई थी, वह पाइप लाइन चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि अनिल शुक्ला के घर की दीवार के पीछे गैस पाइप लाइन डाली गई थी। इसका उनके पड़ोसी अनूप पोरवाल विरोध कर रहे थे। दोनों पक्ष पाइप लाइन हटाने को लेकर काफी समय से एक-दूसरे के खिलाफ तहसील और थाने में शिकायती पत्र दे रहे थे।
शनिवार को समाधान दिवस में नायब तहसीलदार बिधूना रुचि मिश्रा के सामने भी यह मामला आया था। उन्होंने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जांच की थी और दोनों पक्षों को आपस में बैठकर मामला सुलझाने की हिदायत दी थी लेकिन इसके बाद ही पाइप लाइन पार कर दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।