कैंप कार्यालय पर डीएम ने गुरुवार को स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने लोहिया ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर शौचालयों का निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पिछली बैठक में कई प्रकरणों में गलत रिपोर्ट पर वसूली के निर्देशों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
डीएम माला श्रीवास्तव ने स्वच्छता कार्यक्रम के तहत वर्षवार अवमुक्त धनराशि, ब्लाकवार शौचालयों का निर्माण, सत्यापन रिपोर्ट की खामियों की समीक्षा की। इस दौरान लोहिया ग्राम सभाओं में स्वच्छ शौचालय निर्माण की समीक्षा की। कहा कि राज्य वित्त आयोग व दूसरे संसाधनों के माध्यम से अधिकारी जोरशोर से अभियान चलाकर अवशेष लक्ष्य को पूरा कराएं। जिन ग्राम पंचायतों में मैत्री शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्रों में एमडीएम टेबिल बनवाए जाने को अभियान चलाकर काम पूरा कराया जाए। कहा कि लोहिया ग्रामों में शौचालयों के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। उन्हें एक सप्ताह में पूरा कराया जाए।
इस दौरान डीएम ने खंड विकास अधिकारियों को ग्रामों में शौचालयों के निर्माण की समीक्षा करने और शेष कार्य को तत्काल पूरा कराए जाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में बने शौचालयों के निर्माण की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी शौचालयों को तत्काल क्रियाशील कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर शौचालयों के निर्माण का सत्यापन कराए जाने को कहा।
इस दौरान उन्होंने किशोरी को वितरण किए जाने वाले सेनेट्री नेपकिन के उत्पादन के लिए इकाई स्थापित करने के लिए निर्देश दिए। वहीं स्वच्छता कार्यक्रम में बने अंत्येष्ट स्थलों का सत्यापन ईएमबी के जरिए कराए जाने और अधिक व्यय की गई धनराशि की वसूली किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम एके सिंह, सीएमओ डा.एसवी मिश्रा, सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी, डीपीओ लतिका सिंह के अलावा डीपीआरओ, जिला विकास अधिकारी, पीडी आदि स्वच्छता कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।