औरैया। रविवार को शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। 50 शय्या अस्पताल से जिलाधिकारी अभियान का शुभारंभ करेंगे। जिले के दो लाख 55 हजार 21 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य तय किया गया है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान 31 जनवरी से शुरू होकर आठ फरवरी तक चलेगा। पल्स पोलियो अभियान में लगे सभी कर्मचारी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। जिस स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेला लगाया जाएगा, वहां बूथ लगाकर बच्चों को पोलियो की खुराक भी पिलाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि 31 जनवरी को बूथ पर ही अधिक से अधिक बच्चों को कवर किया जाए। कुल 824 बूथ बनाए गए हैं। जिनकी निगरानी के लिए 158 सुपरवाइजरों की भी ड्यूटी लगाई गई है।