दिबियापुर (औरैया)। तेज आंधी से सैनिक नगर फीडर में लगे दो पोल और बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस लाइन के क्षतिग्रस्त होने से दिबियापुर के कुछ हिस्से समेत 45 गांवों की बिजली लगभग 24 घंटे तक गुल रही। गुरुवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिजली कर्मी लाइन ठीक करने के बाद ही आपूर्ति चालू किए जाने की बात कह रहे हैं।
बुधवार शाम तेज आंधी में भट्ठा बस्ती के पास घेरा रोड पर डबल पोल वाला बिजली का खंभा और तार टूट गए। इसके चलते सैनिक नगर फीडर से जुड़े दिबियापुर के सेंट्रल बैंक वाली गली, भट्ठा बस्ती के साथ बैसुन्धरा, डांडी, सेहुद, कन्हई का पुरवा, अजमतपुर, अगनू का पुरवा, दुर्गा अड्डा, पचा का पुरवा, गढ़े का पुरवा, गपकापुर, झपटियापुर आदि 45 गांवों की बिजली गुल हो गई। दिबियापुर के मुहल्लों समेत 45 गांवों की बिजली गुल होने से इन गांवों में हाहाकार मच गया। पावर हाउस से लेकर बिजली कर्मियों के फोन घनघनाने लगे। मौके पर एसडीओ अनुराग पांडेय, अवर अभियंता राजेश कुमार, लाइन मैन राजू, छोटू आदि खंभों को दुरुस्त करने में लगे रहे। बिजली कर्मियों ने गुरुवार शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद जताई है।
तेज आंधी से तीन पोल टूटे
रुरुगंज(औरैया)। उपकेंद्र अछल्दा से आने वाली हाईटेंशन लाइन के तीन खंभे बीती रात तेज आंधी से टूट गए। जिससे दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली न आने से लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी पानी के लिए उठानी पड़ी। सुबह लाइनमैन रामजीत सूचना पर पहुंचे और अधिकारियों को पोल टूटने की जानकारी दी। जेई प्रदीप कुमार ने बताया की तेज आंधी के चलते पोल टूटने की खबर मिली थी नए पोल लगवाने की व्यवस्था की गई है।