बिधूना। तहसील क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम बिधूना व खनन अधिकारी ने सोमवार रात को बेला-बिधूना मार्ग पर रौदपुर के पास तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली खनन करते हुए पकड़ लिए। एसडीएम ने तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया।
बिधूना क्षेत्र में रात होते ही खनन माफियाओं का बोलबाला शुरू हो जाता है। सोमवार रात को मुखबिर की सूचना पर रात लगभग 11 बजे एसडीएम बिधूना निशांत तिवारी व खनन अधिकारी देशराज सिंह ने बेला-बिधूना मार्ग पर रौदापुर के पास दबिश दी। इस दौरान उन्हें तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते मिले।
एसडीएम को देख खनन कर रहे युवक मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकले। खनन अधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि मौके से दो मिट्टी लदे व एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई है। तीनों को सीज कर बिधूना कोतवाली में खड़ा करवाया गया है। बताया कि जिले में खनन पर प्रतिबंध लगा है। बिना अनुमति के खनन करने वालों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।