दिबियापुर (औरैया)। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की रेवाड़ी से कानपुर गई पाइप लाइन में करीब दो सप्ताह पहले सेंध लगाकर डीजल चोरी का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक सदस्य फरार हो गया। चोरों पाइप लाइन में वॉल्ब लगाकर डीजल चुराने के लिए एकत्रित हुए थे।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि 13 दिसंबर को एचपीसीएल लिमिटेड के डीजीएम अहिभुसन भट्टाचार्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गांव हरचंदपुर के पास हिंदुस्तान पेट्रोलियम की रेवाड़ी-कानपुर पाइप लाइन में चोरों ने डीजल चोरी का प्रयास किया। आरोपियों ने चार फीट गड्ढा खोदा। हालांकि तेल चोरी नहीं हो सकी थी। अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे। थाना दिबियापुर पुलिस व एसओजी टीम औरैया की संयुक्त टीमें घटना के खुलासे में लगी थीं। 24 दिसंबर की रात जानकारी मिली कि गांव सराय पुख्ता रोड की बंबी के पास कुछ लोग घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए।
घेराबंदी कर तीन युवकों में इटावा के लवेदी, जैतपुरा निवासी मुकेश कुमार, नीरज व ऋषी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरोह का एक अन्य साथी इटावा, चकरनगर के राजपुर गांव निवासी मोनू पुत्र गुरुदीन फरार हो गया। उनके पास से खोदाई करने का सामान बरामद हुआ है। घटना की रात तीनों गड्ढा खोदने के बाद मोनू का इंतजार कर रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मोनू की तलाश में दबिश दी जा रही है।