क्षेत्र के गांव नवलपुर में चोर शुक्रवार रात घर की कुंडी तोड़ अंदर घुस गए और दो लाख नगद समेत एक लाख के जेवर चोरी कर लिए। घर के लोग छत पर सोते ही रहे। सुबह उठे तो नजारा देख दंग रह गए। गांव वालों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।
गांव नवलपुर निवासी नरेंद्र पुत्र पुत्तीलाल दिल्ली की एक प्राईवेट कंपनी में काम करता है। कई सालों से वहां रहने के कारण वह दिल्ली में मकान खरीदने की सोच रहा था। इसी के लिए रुपयों के इंतजाम के लिए वह गांव आया था। किसी तरह उसने दो लाख रुपये का इंतजाम किया था। शुक्रवार रात को पूरा परिवार गर्मी के कारण घर पर छत सो रहा था।
उसी समय रात में चोरों ने घर मे घुसकर अलमारी में रखे दो लाख रुपये नगद और बक्से मे रखे करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सुबह होने पर जब सभी लोग नीचे आए तो नजारा देख दंग रह गए। नरेंद्र ने अलमारी से रुपये व जेवर गायब देख शोर मचाना शुरू कर दिया। गांव के लोग एकत्र हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की है।