एरवाकटरा (औरैया)। कस्बा के बिधूना मार्ग पर बढि़न मोड़ पर रविवार दोपहर दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र के गांव रठे निवासी 53 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद अपने छोटे पुत्र सूरज के लिए कोतवाली बिधूना क्षेत्र के गांव रठगांव में एक मंदिर पर लड़की देखने जा रहे थे। गांव बढ़िन मोड़ पर वह जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र के गांव लहगांव निवासी 18 वर्षीय अनीश व जनपद कन्नौज के थाना व गांव हसेरन निवासी 18 वर्षीय मोनू की बाइक से टकरा गए। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी एरवाकटरा भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद लक्ष्मण प्रसाद को सैफई रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। अभी तहरीर नहीं मिली है। (संवाद)