एरवाकटरा। हरचंदापुर गांव के करीब मंगलवार को बाइक व साइकिल की भिड़ंत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। गंभीर हालत में दो घायलों को सैफई रेफर किया।
भटपुरा एरवा-कुईली निवासी जलाउद्दीन कोतवाली बिधूना के गांव पुरवा भरामल निवासी अपने साले के लड़के जावेद को छोड़ने जा रहा था। गांव भटपुरा एरवा कुईली के ही निवासी सलमान भी साथ में था। जैसे ही वह हरचंदापुर से आगे निकले कि सामने से आ रहे साइकिल सवार बलबीर यादव से टकरा गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल बलबीर व सलमान को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया। थाना प्रभारी संतप्रकाश पटेल ने बताया कि घटना के संबंध में घायलों के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-
पिकअप की टक्कर से टूटा फाटक, लगा जाम
अछल्दा। दिल्ली-हावड़ा रूट पर अछल्दा स्थित 13-बी क्रॉसिंग के फाटक से एक तेज रफ्तार पिकअप टकरा गया। ड्राइवर पिकअप लेकर भाग निकला। टक्कर हो जाने के बाद फाटक टेढ़ा होने की वजह से बंद नहीं हो सका। रेलवे कर्मचारियों ने आरपीएफ की मदद से इमरजेंसी बूम लगाकर फाटक को बंद कराया। इस दौरान सीमांचल एक्सप्रेस सहित दूसरी ट्रेनों को आउटर पर रोकना पड़ा।
फाटक में आई खराबी की वजह कर ट्रेनों को इमरजेंसी बूम लगाकर रवाना किया गया। फाटक बंद होने से क्रॉसिंग के 13 बी के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। फाटक टूटने की वजह से बड़े वाहनों को 14-बी खगा का नगला ओवरब्रिज होकर फाटक को पार किया।
रेलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बूम को सही कर दो बजे फाटक को खोला। फाटक खुलते ही क्रॉसिंग पर जाम लग गया। इस दौरान आरपीएफ कांस्टेबल लोकेश नैन जाम खुलवाने के प्रयास में लगे रहे।