औरैया। जिले में डेंगू व बुखार का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एक 11 वर्षीय बालक की एलाइजा रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं सोमवार को दो युवक डेंगू के मिले हैं। डेंगू मिलने की जानकारी पर सक्रिय हुई टीम ने गांवों का सर्वे कर एडीज लार्वा खोजकर नष्ट करने के साथ बीमार लोगों का उपचार किया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को कानपुर से आई एलाइजा रिपोर्ट में अजीतमल ब्लॉक के बाबरपुर कस्बा निवासी 11 वर्षीय बालक डेंगू संक्रमित निकला। जिले में अब तक 41 लोग डेंगू संक्रमित हो चुके हैं। सीएचसी अजीतमल के अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार ने बताया कि सोमवार को गंगदासपुर निवासी युवक व बरीपुरा निवासी युवक की सीएचसी पर की गई जांच में डेंगू पाया गया था।
विज्ञापन
मंगलवार को टीमों ने दोनों गांवों का सर्वे किया। बरीपुरा में टीम ने 23 घरों का सर्वे किया। जिसमें उन्हें दो घरों में एडीज लार्वा मिला। साथ ही 11 लोग बीमार मिले। जिसमें दो मरीज बुखार पीड़ित हैं। गंगदासपुर में टीम की ओर से पहले ही घरों में लार्वा की खोज की जा चुकी थी। इस पर गांव में लार्वा नहीं खोजा गया। गांव में दो बुखार रोगी मिले हैं। सभी बुखार रोगियों की जांच के लिए खून के सैंपल लिए हैं। बताया कि बुधवार को टीम बाबरपुर कस्बे में मिले बालक के मोहल्ले में अभियान चलाएगी।
बिचौली के पांचों बुखार पीड़ितों में नहीं मिला डेंगू संक्रमण अयाना। सीएचसी अयाना के अधीक्षक डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि बिचौली में सोमवार को टीम की ओर से पांच बुखार रोगियों के रक्त सैंपल लिए गए थे। सीएचसी में की गई रैपिड जांच में किसी भी मरीज में डेंगू नहीं मिला है। बुधवार को टीम फिर से बिचौली का सर्वे करेगी। अधीक्षक ने बताया कि बिचौली में अबतक 17 बुखार रोगी मिल चुके हैं। जबकि बीते गुरुवार को बुखार ने चार वर्षीय मासूम की मौत की सूचना मिली थी। टीम गांव के बुखार रोगियों पर विशेष निगरानी कर रही है। अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार को सीएचसी की ओपीडी में 240 मरीजों को देखा गया है। जिसमें से 70 मरीज वायरल बुखार से संक्रमित थे। जिनमें से 16 मरीजों को उपचार के लिए वार्ड में भर्ती किया है।