ग्राम गपकापुर की मड़ैया में चूल्हे की चिंगारी से तीन परिवारों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई। एक घर में बेटी की शादी के लिए जुटाया गया सारा सामान जल गया। आग से तीन मवेशी जलकर मर गए। औरैया से पहुंची फायरब्रिगेड एवं ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
दोपहर लगभग 1 बजे राजेश पुत्र दयाराम निवासी गपकापुर की मड़ैया के घर पर खाना बन रहा था। चूल्हे की चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक आग की लपटें और तेज हो गईं।
आग ने पास में ही स्थित राजेश के भाई श्यामसुंदर एवं उसके पिता दयाराम पुत्र भगवान के घर को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोग बाल्टी लेकर दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर थाना पुलिस एवं दमकल पहुंची। इस बीच कई ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। दमकल के जवानों ने भी धधक रही आग को ठंडा किया।
मौके पर पहुंचे लेखपाल केशव कुमार ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया। अग्निपीड़ितों के अनुसार दयाराम के 10 क्विंटल गेहूं, एक बकरी, दो बकरी के बच्चों समेत गृहस्थी का सारा सामान जल गया।
राजेश के घर पर 15 जून को बेटी काजल की शादी थी। बेटी की शादी का सामान, 15 हजार नकद समेत लगभग दो लाख रुपए की क्षति हुई है। जबकि श्यामसुंदर के घर लगभग एक लाख रुपए की क्षति हुई है।