औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के बीच शनिवार तड़के तीन डंपर बारी-बारी आपस में जा टकराए। शार्ट सर्किट की वजह से ट्रकों में आग भी लग गई। सूचना होते ही पुलिस व दमकल की टीम दौड़ी। किसी तरह आग की लपटों को शांत किया गया। इस दौरान चार घंटे तक एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन ठप रहा। यूपीडा के कर्मचारियों ने क्रेन की व्यवस्था करने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। जिसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू कराया जा सका।
मिहौली समीप बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के बीच बारी-बारी भिड़े तीन डंपर शनिवार तड़के जलने से अफरा-तफरी मच गई। यूपीडा से लेकर पुलिस व दमकल की टीम आनन-फानन दौड़ी। गनीमत रही चालकों को मामूली चोटें आई। किसी तरह डंपरों से कूदकर चालकों ने अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बेरीकेडिंग लगाकर आवाजाही रोकी। आग पर काबू पाने के बाद यूपीडा की क्रेन का इंतजार शुरू हुआ। एक्सप्रेसवे पर हादसे के चलते लगे जाम में काफी संख्या में वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। साढ़े सात बजे के करीब क्रेन पहुंची। इसके बाद क्षतिग्रस्त डंपरों को किनारे किया जा सका। जिसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। हादसे में डंपर चालक गुरु साहब पुत्र कश्मीर सिंह निवासी हरदोई, कुलदीप सिंह पुत्र गिरधारी सिंह निवासी हरदोई व सुवीर कुमार पुत्र मेवालाल निवासी निवाड़ी मध्य प्रदेश मामूली घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए पुलिस ने 50 शैया जिला अस्पताल भिजवाया।
-
पहले भिड़े थे दो वाहन बाद में तीसरा टकराया, बारी-बारी लगी आग
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कोहरे की धुंध में तेज वाहन चलाना किस तरह जान के लिए खतरा बनता है इसकी बानगी शनिवार तड़के मिली। पहले दो डंपर भिड़े। इसी बीच तीसरा डंपर भी टकरा गया। आग ने भिड़े खड़े तीनों डंपरों को चपेट में ले लिया।
-
बोले जिम्मेदार-
टकराए डंपरों में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है। गनीमत रही कि चालक मामूली घायल हुए। घन कोहरे की वजह से हादसा हुआ था। डंपरों को क्रेन से हटवाने के बाद जाम को खुलवा दिया गया था।-पंकज मिश्रा, सदर कोतवाल