औरैया। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसके बाद भी लोग कोविड नियमों का पालन नहीं कर रहे है। शुक्रवार को सिंगापुर से आए इंजीनियर समेत तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अयाना में 60 वर्षीय वृद्धा, सिहौली में 45 वर्षीय पुरुष व दिबियापुर के गेस्ट हाउस में रुके सिंगापुर से आए 51 वर्षीय इंजीनियर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इंजीनियर गेल में कुछ काम के संबंध से आए हैं। लक्षण दिखने पर जांच कराई गई तो वह संक्रमित मिले।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टरों की टीम संक्रमित लोगों की निगरानी कर रही है। सिंगापुर के इंजीनियर को होम आइसोलेशन पर रखने व किसी के संपर्क में न आने की सलाह दी गई है। अब जिले में 43 सक्रिय केस बचे हैं।