फफूंद। क्षेत्र के गांव खानपुर में हाईटेंशन लाइन के तारों से निकली चिंगारी से तीन बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गांव खानपुर फफूंद निवासी सूरज दोहरे के खेत गांव के किनारे हैं। खेत के नजदीक से हाईटेंशन विद्युत लाइन निकली है। मंगलवार दोपहर तारों में स्पार्किंग होने से निकली चिंगारी गेहूं की फसल पर गिर गई। जिससे कुछ ही देर में फसल में आग लग गई। लपटें उठतीं देख ग्रामीण दौड़ पड़े। आसपास के खेतों में लगे ट्यूबवेल चलाकर आग बुझाने में जुट गए।
सूचना पर दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई गई, लेकिन तब तक तीन बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने फसल का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। क्षेत्रीय लेखपाल प्रतिमा जादौन ने बताया कि बिजली तारों की चिंगारी से आग लगने का पता चला है। नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।