बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के किशोरगंज निवासी युवक ने अपने बहनोई व उसके परिजनों पर पैसों की मांग पूरी न होने पर फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने चार नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
नगर के किशोरगंज मोहल्ल निवासी अनूप कुमार पांडेय ने सोमवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वर्ष 2007 में बहन प्रीती की शादी भूपेश कुमार निवासी सरैया के साथ की थी। शादी के बाद से बहनोई भूपेश, उनके पिता सुभाष चंद्र व भाई विमल बहन को प्रताड़ित करने लगे।
वर्ष 2016 में आरोपियों ने दहेज के लिए बहन के साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। इसका मामला बहन ने आगरा के महिला थाना में दर्ज कराया था। तभी से आरोपी उसके परिवार से रंजिश मानते हैं। आरोप लगाया कि एक अगस्त को बहनोई भूपेश कुमार अपने भाई विमल कुमार, पिता सुभाष चंद्र, रजनी उर्फ राधा के साथ घर पर आए। आरोपियों ने पांच लाख रुपये की मांग की।
मांग पूरी न होने पर साथ आई महिला राधा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का फर्जी मामला पूरे परिवार के खिलाफ दर्ज कराने की धमकी दी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि आरोपी रजनी उर्फ राधा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। (संवाद)