संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर के मोहल्ला बनारसीदास पछैंया बस्ती के पास देर रात एक युवक का अचेत अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई ने मृतक के बीमार होने की जानकारी दी है। वहीं पुलिस घटना संदिग्ध समझ जांच में जुटी है।
सोमवार देर रात ढाई बजे पुलिस को सूचना मिली कि बनारसीदास मोहल्ले में सड़क किनारे एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची जहां पर उसकी मौत हो गई। रात अधिक होने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी। इधर मंगलवार सुबह पुलिस ने शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी ढब्बू सिंह ने शव की शिनाख्त कुलदीप (30) पुत्र उजागर सिंह के शिनाख्त की। पुलिस पूछताछ में मृतक के भाई ने बताया कि छोटा भाई बीमार चल रहा था। कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ जांच की जा रही है।