एक्सईएन कार्यालय के बाहर संचालित ओटीएस शिविर में बकाया जमा करने काे लाइन में लगे उपभोक्ता।
- फोटो : एक्सईएन कार्यालय के बाहर संचालित ओटीएस शिविर में बकाया जमा करने काे लाइन में लगे उपभोक्ता।
औरैया। शासन की ओर से बिजली बकायेदारों के लिए शुरू की गई एक मुश्त समाधान योजना में बृहस्पतिवार से तीसरा चरण शुरू होगा। इससे पहले चलाए गए दो चरणों में 18 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने 37 लाख से अधिक की ब्याज छूट का लाभ उठाया।
जिले भर में बिजली विभाग की ओर से ओटीएस ( एक मुश्त समाधान योजना) के तहत तीन चरणों का अभियान चलाया गया। इसमें बुधवार को दूसरा चरण समाप्त हुआ। योजना के तहत बिजली बकायेदारों को ब्याज में शत प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसमें अब तक दोनों डिवीजनों में कुल 18864 बकायेदारों ने योजना का लाभ लिया है। जिसमें लगभग 37 लाख 20 हजार रुपये ब्याज की छूट दी गई है।
विभागीय सूत्रों की माने तो दोनों डिवीजन में एक लाख 61 हजार 431 बकाएदार उपभोक्ता हैं। जिसमें दोनों डिवीजनों में औरैया डिवीजन के नौ हजार नौ सौ 81 उपभोक्ताओं से और दिबियापुर डिवीजन के आठ हजार 844 उपभोक्ताओं से कुल 14 करोड़ 77 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई गई है। योजना 31 जनवरी तक चलेगी।
एसडीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि अभी तक ओटीएस योजना में दोनों डिवीजनों में 14 करोड़ 77 लाख रुपया जमा कराया जा चुका है। बकायेदारों को योजना का लाभ लेने के लिए 31 जनवरी तक की समय सीमा दी गई है। बकायेदार निर्धारित समय सीमा के अंदर पंजीकरण कराते हुए ब्याज में मिल रही शत प्रतिशत छूट का लाभ ले सकते हैं।